जयपुर: उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने राजस्थान में ठंड का असर तेज कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में रात का तापमान लगातार गिर रहा है। शनिवार सुबह हिल स्टेशन माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमाव बिंदु तक पारा पहुंचने से यहां कड़ाके की ठंड रही और लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।

शुक्रवार को प्रदेश के 10 से अधिक शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। शेखावाटी के फतेहपुर में पारा 5.5 डिग्री, सीकर में 6.5 डिग्री, नागौर में 7.9 डिग्री और भीलवाड़ा में 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा। अलवर, चूरू, उदयपुर और टोंक सहित कई इलाकों में भी सर्दी का असर बढ़ गया है।

राजधानी जयपुर में भी पिछले एक सप्ताह में न्यूनतम तापमान करीब 5 डिग्री गिरा है। यहां 13 नवंबर को तापमान 18.4 डिग्री था, जो 20 नवंबर को घटकर 13.3 डिग्री रह गया। हालांकि दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है। खासकर शेखावाटी और बीकानेर संभाग में ठंड बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने अगले करीब एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने और सर्दी का असर बने रहने का अनुमान जताया है।

Tags: