जयपुर में शहनाइयों की गूंज, नवंबर-दिसंबर में विवाह के 14 शुभ मुहूर्त
जयपुर बना वेडिंग हब, होटल और मैरिज गार्डन शादी समारोहों के लिए तैयार
जयपुर: देवउठनी एकादशी के साथ ही चार महीने से रुके मांगलिक कार्यों और विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो गया है। जयपुर में 20 नवंबर से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो चुके हैं। उदयातिथि के अनुसार शनिवार, 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत और पूजन किया जाएगा। शादी का सीजन शुरू होने से शहर के मैरिज गार्डन, होटल, रिसॉर्ट और वेडिंग कारोबार से जुड़े व्यवसायियों में उत्साह है।
पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर सुबह 7:15 बजे से शुरू होकर 21 नवंबर सुबह 6:31 बजे तक रहेगी। चातुर्मास के दौरान भगवान विष्णु योगनिद्रा में रहते हैं, इसलिए विवाह सहित मांगलिक कार्य नहीं होते। देवउठनी एकादशी के साथ ये आयोजन फिर शुरू हो जाते हैं। इस बार एकादशी भीष्म पंचक में होने से इसका धार्मिक महत्व और बढ़ गया है।
देवउठनी एकादशी पर जयपुर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी। गोविंद देवजी मंदिर में सुबह 6:15 बजे विशेष पूजन रखा गया है। यहां तुलसी महारानी और भगवान शालिग्राम का विवाह महोत्सव भी आयोजित होगा। भद्रा के कारण तुलसी विवाह भद्रा समाप्त होने के बाद 21 नवंबर को उदयातिथि में कराया जाएगा।
नवंबर-दिसंबर में 14 विवाह मुहूर्त
इस बार नवंबर और दिसंबर में विवाह के कुल 14 शुभ मुहूर्त हैं। नवंबर में 21, 25 और 26 तारीख को विवाह होंगे, जबकि दिसंबर में 2, 3, 4, 5, 6, 10, 11, 12, 13 और 14 तारीख को शुभ मुहूर्त हैं। जयपुर में इस वेडिंग सीजन के दौरान चार हजार से अधिक शादियां होने का अनुमान है।
डेस्टिनेशन वेडिंग से बड़े कारोबार की उम्मीद
राजस्थान में जयपुर, उदयपुर और पुष्कर डेस्टिनेशन वेडिंग के प्रमुख केंद्र बन रहे हैं। ऑल वेडिंग इंडस्ट्री फेडरेशन राजस्थान के महामंत्री भवानी शंकर माली के अनुसार, इन शहरों में डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन सालाना करीब 25 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है। नवंबर से मार्च तक चलने वाले पांच महीने के वेडिंग सीजन में इस कारोबार से करीब एक हजार करोड़ रुपये की आय का अनुमान है।
प्रदेश में होने वाली डेस्टिनेशन वेडिंग में जयपुर की हिस्सेदारी करीब 35 प्रतिशत और उदयपुर की 25 प्रतिशत है। इस सीजन में राजस्थान में 500 से अधिक छोटी-बड़ी डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित होने की तैयारी है।
ऐतिहासिक महलों और हवेलियों के साथ आधुनिक मैरिज वेन्यू भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। थीम आधारित सजावट, रोशनी, खानपान, फोटोग्राफी और आयोजन प्रबंधन के जरिए भव्य समारोहों की तैयारियां की जा रही हैं। इससे होटल, मैरिज गार्डन, फूल सजावट, खानपान और फोटोग्राफी जैसे कारोबारों को भी रोजगार और व्यापार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।