अजमेर: महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय ने परिसर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाए रखने में योगदान देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करने की नई पहल की है। ‘मेरा विश्वविद्यालय, मेरी जिम्मेदारी’ योजना के तहत अब समर्पित कर्मचारियों को ‘परिसर कर्मयोगी सम्मान’ दिया जाएगा।

इस पहल का उद्देश्य परिसर की साफ-सफाई, स्वास्थ्यकर वातावरण और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों के कार्यों को पहचान देना है। सम्मान के तहत चयनित प्रत्येक कर्मचारी को 11 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और योग्य कर्मचारियों के चयन के लिए विश्वविद्यालय ने सतर्कता समिति गठित की है। अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. सुभाष चन्द्र समिति के संयोजक होंगे, जबकि प्रो. सुब्रतो दत्ता और प्रो. ऋतु माथुर सदस्य के रूप में शामिल हैं।

समिति कर्मचारियों के समर्पण, कार्यनिष्ठा और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए नवाचारों का मूल्यांकन करेगी। इसके बाद योग्य कर्मचारियों के नाम कुलगुरु को भेजे जाएंगे। समिति को कार्यालय आदेश जारी होने की तारीख से 10 दिनों के भीतर अपनी अनुशंसाएं प्रस्तुत करनी होंगी।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल के माध्यम से विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर की स्वच्छता और सुंदरता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कर्मचारियों के समर्पण को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया है।

Tags: