अजमेर: महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (MDSU) अजमेर के खाद्य विज्ञान एवं पोषण विभाग के दो स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर की शोध प्रतियोगिता ‘नवदिशा-2026’ में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। होम साइंस एसोसिएशन ऑफ इंडिया की पश्चिम क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दोनों विद्यार्थियों को मौलिक शोध के लिए सांत्वना पुरस्कार मिला है। साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।

विभागाध्यक्ष प्रो. ऋतु माथुर ने बताया कि छात्रा कनक सांखला ने सौंफ, काला जीरा और धनिया के बीजों से प्राप्त माइक्रोग्रीन्स के पोषण संबंधी घटकों का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया। उनके शोध को सस्टेनेबल लिविंग एवं क्लाइमेट एक्शन श्रेणी में सराहना मिली। यह शोध प्रो. भारती जैन और प्रो. पूनम मोहन के मार्गदर्शन में पूरा हुआ।

वहीं, विद्यार्थी नयन जोशी ने अश्वगंधा और ब्राह्मी से तैयार पारंपरिक भारतीय पेय ठंडाई के नवीन प्रीमिक्स के विकास एवं मूल्यांकन पर शोध प्रस्तुत किया। इसमें फाइटोकेमिकल, संवेदी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों के साथ संभावित न्यूरोप्रोटेक्टिव विशेषताओं का अध्ययन किया गया। इस शोध को हेल्थ, वेलनेस एवं एर्गोनॉमिक्स श्रेणी में सांत्वना पुरस्कार मिला। शोध का निर्देशन प्रो. ऋतु माथुर और डॉ. पूनम मोहन ने किया।

उल्लेखनीय है कि 30 अक्टूबर 2026 को आयोजित पश्चिम क्षेत्रीय प्रतियोगिता में लगभग 500 शोध प्रविष्टियां शामिल हुई थीं। प्रतियोगिता का उद्देश्य गृह विज्ञान और संबद्ध विषयों में वैज्ञानिक सोच, मौलिक शोध और नवाचार को बढ़ावा देना है।

कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने दोनों विद्यार्थियों और उनके शोध निर्देशकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शोध, नवाचार और समाजोपयोगी अनुसंधान के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।

Tags: