होमगार्ड ड्यूटी रोटेशन में पारदर्शिता और अनुशासन पर जोर
6 दिसंबर को मनेगा गृह रक्षा स्थापना दिवस, तैयारियों की समीक्षा
जयपुर: राजस्थान गृह रक्षा विभाग की राज्य स्तरीय कमांडेंट कॉन्फ्रेंस में स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने, ड्यूटी रोटेशन में पारदर्शिता और जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने पर जोर दिया गया। गुरुवार को फतेहपुरा बेगस स्थित केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान में पुलिस महानिदेशक एवं महासमादेष्टा अनिल पालीवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई।
कॉन्फ्रेंस में विभाग की प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यप्रणाली से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। पालीवाल ने विभिन्न जिला प्रशिक्षण केंद्रों से आए अधिकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
बैठक में सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों, निजी कंपनियों और प्रतिष्ठानों में गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने पर चर्चा हुई। इसके लिए ऑनलाइन नियोजन सॉफ्टवेयर एचडीएमएस का प्रभावी उपयोग करने तथा ड्यूटी रोटेशन प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने, विभागीय जांचों का निष्पक्ष एवं शीघ्र निस्तारण करने, आवंटित बजट का पूरा उपयोग करने और लंबित न्यायालयीन प्रकरणों व ऑडिट आक्षेपों के निस्तारण की समीक्षा की गई। भंडार और हथियारों के उचित रखरखाव पर भी जोर दिया गया।
महानिरीक्षक पुलिस गृह रक्षा राजेश मीना ने अधिकारियों को मुख्यालय के आदेशों और निर्देशों का अध्ययन करने तथा अधीनस्थ कर्मचारियों एवं स्वयंसेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित संवाद रखने को कहा।
समापन सत्र में अनिल पालीवाल ने स्वयंसेवकों के अधिकाधिक नियोजन और बेहतर पर्यवेक्षण व्यवस्था विकसित करने के लिए सुझाव मांगे। उन्होंने नियोजन स्थलों पर महिला स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में 6 दिसंबर को आयोजित होने वाले गृह रक्षा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। कॉन्फ्रेंस में विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित प्रदेश के सभी सीमा गृह रक्षा दलों और गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्रों के समादेष्टा एवं उप समादेष्टाओं ने भाग लिया।