जयपुर: चार महीने के चातुर्मास विश्राम के बाद देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने की धार्मिक मान्यता के साथ जयपुर में मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई है। शुक्रवार को शहर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक और धार्मिक अनुष्ठान हुए। वहीं, शनिवार को तुलसी-शालिग्राम विवाह की धूम रहेगी।

जयपुर के प्रसिद्ध गोविंद देवजी मंदिर में ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया गया। भगवान शालिग्राम को चांदी की चौकी पर विराजमान कर तुलसी मंच पर लाया गया, जहां विशेष पूजा और आरती हुई। इसके बाद शालिग्राम जी को चांदी के रथ में विराजमान कर मंदिर की परिक्रमा कराई गई।

शनिवार को शहरभर में तुलसी माता और भगवान शालिग्राम का पारंपरिक विवाह आयोजित होगा। गन्ने के मंडप सजाए जाएंगे और हल्दी, मेहंदी, वरमाला, कन्यादान तथा सात फेरों की रस्में निभाई जाएंगी। कई परिवार तुलसी माता को बेटी मानकर कन्यादान करेंगे।

खजाने वालों का रास्ता स्थित पांडे भवन से भगवान शालिग्राम की बारात निकाली जाएगी, जो संसार चंद्र रोड स्थित विवाह स्थल पहुंचेगी। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न होगा।

इसके अलावा बजाज नगर राम मंदिर, राधादामोदरजी और गोपीनाथजी मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों पर विशेष आयोजन होंगे। राधादामोदरजी मंदिर में छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।

Tags: