अखिलेश यादव पर सुभासपा का हमला, चुनाव से पहले डरने का आरोप
अखिलेश पहले कांग्रेस से सीटों का विवाद सुलझाएं: सुभाष यादव
जयपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राजस्थान प्रदेश प्रभारी सुभाष चंद्र यादव ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव चुनाव में हार की आशंका के चलते सुभासपा को लेकर गलत बयान दे रहे हैं और सीटों की फर्जी सूची वायरल कर रहे हैं।
सुभाष चंद्र यादव ने कहा कि अखिलेश यादव, ओमप्रकाश राजभर और सुभासपा की जमीनी ताकत से परिचित हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेतृत्व भी राजभर की राजनीतिक ताकत को समझता है। यादव ने कहा कि अखिलेश को सुभासपा की चिंता करने के बजाय अपने सहयोगी दलों के साथ गठबंधन के मुद्दे सुलझाने चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस 181 विधानसभा सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में समाजवादी पार्टी को पहले सीट बंटवारे का मामला सुलझाना चाहिए।
आजम खान के मुद्दे पर भी सुभाष चंद्र यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आजम खान जमानत पर जेल से बाहर हैं और यह कानूनी प्रक्रिया के तहत हुआ है। भारत छोड़ने संबंधी उनके बयान पर यादव ने कहा कि देश में संविधान और कानून सर्वोपरि हैं तथा किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।