Jaipur जयपुर: जयपुर में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुभाष चौक इलाके में देर रात करीब 2 बजे एक पुराना मकान अचानक ढह गया। हादसे के वक्त घर के लोग गहरी नींद में थे और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया और करीब 19 लोग उसमें दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुँच गईं। सिविल डिफेंस के उप नियंत्रक अमित शर्मा ने बताया कि लगातार बारिश और दीवारों में नमी इस हादसे की बड़ी वजह बनी। मकान काफी समय से जर्जर हालत में था और भारी नमी के कारण अचानक ढह गया। राहत दल ने समय रहते मलबे से चार लोगों को जिंदा बाहर निकाल लिया। सभी घायलों को गंभीर हालत में एसएमएस अस्पताल ले जाया गया है। एडिशनल एसपी दुर्ग सिंह ने बताया कि जिस मकान में यह हादसा हुआ, उसमें पश्चिम बंगाल के प्रवासी मजदूर अपने परिवारों के साथ किराए पर रह रहे थे। हादसे में घायल हुए लोगों में से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
मलबे में फंसे ज़्यादातर लोग तो समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन बदकिस्मती से एक पिता और उसकी मासूम बेटी को नहीं बचाया जा सका। मृतकों की पहचान 45 वर्षीय प्रभात और उनकी 5 साल की बेटी पियू के रूप में हुई है। इस हादसे में सोनू, ऋषि, वासुदेव, सुगंधा और सुमित्रा गंभीर रूप से घायल हैं।अचानक हुए इस हादसे से इलाके में मातम का माहौल है। पड़ोसियों का कहना है कि परिवार कुछ समय पहले ही इस घर में शिफ्ट हुआ था और उन्हें घर की इतनी खराब हालत के बारे में पता नहीं था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन आगे की जाँच कर रहा है और अन्य ज़िम्मेदारियों की जाँच की जा रही है।