स्याही लगी उंगली, साइकिल पर सवार मतदाता, क्लब सदस्यों ने दिया दोहरा संदेश
भीलवाड़ा । मतदान केंद्रों की ओर बुधवार को जब अधिकांश लोग दुपहिया और चौपहिया वाहनों से निकले, तब शहर में साइकिलों का एक अलग ही काफिला नजर आया। यह काफिला था भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सदस्यों का, जिन्होंने मतदान को केवल मताधिकार तक सीमित नहीं रखा, बल्कि साइकिल के जरिए इसे पर्यावरण और स्वस्थ जीवन से भी जोड़ दिया। क्लब के सदस्य साइकिल से अपने-अपने बूथ पहुंचे, मतदान किया और स्याही लगी उंगली के साथ साइकिल की सेल्फी लेकर दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। मतदान का संदेश देने के लिए साइकिल पर निकले भीलवाड़ा साइकिल क्लब के सदस्यों ने अभियान को मतदान के दिन जमीन पर उतारकर अनूठी मिसाल पेश की। इससे पुर्व मंगलवार को मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के बाद बुधवार को क्लब के अधिकांश सदस्य अपने-अपने मतदान केंद्रों पर साइकिल से पहुंचे और मतदान किया। मतदान के साथ उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवन और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश भी दिया। साइकिल क्लब प्रभारी अरुण संतोष मुछाल ने बताया कि सदस्यों ने मतदान केंद्र तक पहुंचने के लिए दुपहिया व चौपहिया वाहनों के बजाय साइकिल का इस्तेमाल किया। मतदान के बाद सदस्यों ने उंगली पर लगी स्याही के निशान के साथ साइकिल लेकर सेल्फी ली और उन्हें अपने ग्रुपों व सोशल मीडिया स्टेटस पर साझा कर अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। आमतौर पर मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए लोग दुपहिया और चौपहिया वाहनों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन साइकिल क्लब सदस्यों का साइकिल से मतदान केंद्र पहुंचना लोगों के लिए आकर्षण के साथ प्रेरणा का विषय बना। क्लब का उद्देश्य केवल साइकिलिंग को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि इसके जरिए फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण, यातायात जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाना है। क्लब सदस्यों ने संदेश दिया कि लोकतंत्र के इस महापर्व में हर नागरिक मतदान करे और इसके साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। मतदान करें, साइकिल चलाएं और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं, यही अभियान का संदेश रहा। कार्यक्रम में तिलोकचंद छाबड़ा, बाबूलाल जाजू, अरुण संतोष मुछाल, मदन खटोड़, राजकुमार अजमेरा, राकेश सक्सेना, डॉ. देवेंद्र पुरी गोस्वामी, डॉ. हेमेन्द्र कौशिक, सत्यनारायण राठी, भेरूलाल सुवालका, रतनलाल छीपा, मुकेश कुमावत, जिनेंद्र चौधरी, मनोज कुमार तुलसानी, मुकेश सामरिया, विक्रम दाधीच, विजय कपूर, निर्मल व्यास, अतुल शाह, कालूलाल सोनी सहित अनेक सदस्यों ने साइकिल से मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।