जयपुर में आंवला नवमी की धूम, महिलाओं ने 108 परिक्रमा कर मांगी सुख-समृद्धि
आंवला नवमी पर जयपुर के मंदिरों में विशेष पूजा, महिलाओं ने रखा व्रत
जयपुर: छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध जयपुर में बुधवार को आंवला नवमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्तिक शुक्ल नवमी के अवसर पर महिलाओं ने मंदिरों, उद्यानों और पार्कों में आंवला वृक्ष की विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि, पति की लंबी आयु और संतान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
चौड़ा रास्ता स्थित ऐतिहासिक ठाकुर श्री राधा दामोदर जी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर महंत मलय गोस्वामी के सान्निध्य में मंगला आरती के बाद विशेष पूजा शुरू हुई। महिलाओं ने आंवला वृक्ष की जड़ों में दूध, जल, रोली और अक्षत अर्पित किए। इसके बाद वृक्ष पर कच्चा सूत लपेटकर 108 परिक्रमाएं कीं और व्रत कथा सुनी।
गोविंद देवजी मंदिर सहित शहर के अन्य मंदिरों और पार्कों में भी धार्मिक आयोजन हुए। महिलाओं ने आंवला वृक्ष पर मौली बांधकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना की। पूजा के बाद वृक्ष के नीचे बैठकर सात्विक भोजन ग्रहण किया और व्रत खोला।
मुरलीपुरा क्षेत्र के पार्कों में आयोजित कार्यक्रमों में आंवला वृक्ष के धार्मिक और आयुर्वेदिक महत्व की जानकारी दी गई। वृक्षवाचक अशोक शर्मा ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार आंवला वृक्ष में भगवान नारायण और माता लक्ष्मी का वास माना जाता है। उन्होंने आंवले में विटामिन-सी की प्रचुर मात्रा और इसके आयुर्वेदिक गुणों का भी उल्लेख किया।
श्रद्धालुओं ने आंवला वृक्ष की आरती कर प्रसाद वितरित किया। मंदिर प्रशासन ने दर्शन और परिक्रमा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। इस आयोजन के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और वृक्ष संरक्षण का संदेश भी दिया गया।