अजमेर: राजस्थान के अजमेर में ब्रेन हेमरेज के कारण लकवाग्रस्त हुई एक महिला को गंभीर निमोनिया और सांस लेने में तकलीफ के बाद करीब 20 दिनों तक वेंटिलेटर पर रखना पड़ा। मित्तल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने लगातार उपचार और निगरानी के बाद महिला की स्थिति में सुधार लाने में सफलता हासिल की। करीब एक महीने तक चले इलाज के बाद महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मित्तल हॉस्पिटल के वरिष्ठ फेफड़ा एवं श्वास रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतीक कोठारी ने बताया कि अजमेर के लोहाखान निवासी महिला को तेज बुखार, खांसी, बलगम और सांस लेने में गंभीर परेशानी होने पर अस्पताल लाया गया था। कुछ दिन पहले महिला को ब्रेन हेमरेज हुआ था, जिसके कारण वह लकवाग्रस्त हो गई थी।

महिला पहले एक अन्य अस्पताल में उपचार कराने के बाद घर लौट आई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई। जांच में गंभीर निमोनिया की पुष्टि हुई। हालत नाजुक होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया।

उपचार के दौरान महिला का रक्तचाप लगातार अस्थिर बना रहा। इसके अलावा ब्रेन हेमरेज से संबंधित परेशानियां भी बढ़ने लगी थीं। ऐसे में डॉ. प्रतीक कोठारी के नेतृत्व में न्यूरो सर्जन डॉ. ए.आर. गौरी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राहुल गुप्ता एवं डॉ. विवेक माथुर सहित अन्य विशेषज्ञों ने मिलकर उपचार की रणनीति तैयार की।

न्यूरो सर्जन डॉ. ए.आर. गौरी ने बताया कि महिला की मस्तिष्क संबंधी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी गई। वहीं हृदय रोग विशेषज्ञों ने रक्तचाप और हृदय संबंधी समस्याओं के प्रबंधन में सहयोग किया। फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. बी.एल. गुर्जर ने भी उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

करीब 20 दिनों तक वेंटिलेटर सपोर्ट पर रहने के बाद महिला की हालत में धीरे-धीरे सुधार हुआ। चिकित्सकों की निगरानी में उसे वेंटिलेटर से हटाया गया और करीब एक महीने के उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

अस्पताल से छुट्टी के दौरान महिला की बेटी ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इलाज के कठिन समय में अस्पताल की पूरी टीम ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ परिवार का सहयोग किया।

अस्पताल के अनुसार, महिला अब नियमित फॉलोअप पर है और उसकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार बना हुआ है।

Tags: