जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर का 299वां स्थापना दिवस बुधवार को भव्य अंदाज में मनाया गया। शहर के प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव, सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहनाई वादन और आतिशबाजी का आयोजन हुआ। स्टेच्यू सर्किल पर 11 हजार इलेक्ट्रॉनिक और मिट्टी के दीपकों की रोशनी ने उत्सव को खास बना दिया। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा भी की गई।

स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत गंगापोल गेट पर विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई। महापौर सुनील कोठारी और जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा ने विधि-विधान से प्रथम पूज्य की आराधना कर शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान शहनाई और नगाड़ों की गूंज के बीच हेलीकॉप्टर से फूल बरसाए गए। इसके बाद गोविंददेवजी मंदिर में विशेष पूजा की गई।

शाम को स्टेच्यू सर्किल पर राज्यपाल हरीभाऊ बागड़े ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। गायत्री परिवार के सदस्यों ने मंत्रोच्चारण के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। स्टेच्यू सर्किल के चारों ओर आठ हाथियों पर बैठकर कलाकारों ने शहनाई वादन किया। लोक कलाकारों ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।

समारोह में भव्य आतिशबाजी और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रही। इस अवसर पर 'जयपुर अखिल विश्व से न्यारा' गीत की प्रस्तुति भी दी गई। कार्यक्रम का आनंद स्थानीय नागरिकों के साथ विदेशी पर्यटकों ने भी उठाया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा और अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

जयपुर के 299वें स्थापना दिवस पर आयोजित दीपोत्सव, लोकनृत्य और आतिशबाजी ने शहर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव की झलक प्रस्तुत की।

Tags: