मूसलाधार बरसात से बाढ़ जैसे हालात, जोधपुर में बारिश बाद सड़कों पर तैर रहीं कारें, स्कूलों में छुट्टी का ऐलान

राजस्थान के दूसरे बड़े शहर जोधपुर में पिछले 15 घंटे से लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

Update: 2022-07-26 06:18 GMT

 फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। राजस्थान के दूसरे बड़े शहर जोधपुर में पिछले 15 घंटे से लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। शहर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश से 30 से अधिक बस्तियों में पानी भर चुका है। इस बीच जिला कलेक्टर ने जोधपुर शहर के निजी व सरकारी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है, जिला कलेक्टर ने शहर में भारी बारिश की आशंका के चलते स्कूलों में अवकाश के आदेश जारी किए हैं।

दरअसल जोधपुर शहर व जिले में कल शाम 7:00 बजे से ही लगातार मूसलाधार बरसात का दौर जारी है। शहर के भीतरी इलाके में 3 से 4 फुट तक पानी का तेज बहाव सोमवार शाम से देखने को मिल रहा है। पिछले 15 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जोधपुर शहर में 30 से अधिक बस्तियों और कॉलोनियों में पानी जमा हो चुका है यानी इन बस्तियों में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। शहर के भीतरी इलाके खंडा फलसा से 3 से 4 फीट तक पानी का बहाव इतना तेज गति से बह रहा है कि उसमें कारें भी तैरती नजर आ रही हैं। शहर में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जिला कलेक्टर ने निजी व सरकारी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।
नगर निगम और आपदा प्रबंधन ने शुरू किया राहत कार्य
जोधपुर शहर में 30 से अधिक कॉलोनियों में पानी भरने के बाद नगर निगम के साथ आपदा प्रबंधन ने भी मोर्चा संभाल लिया है। नगर निगम जनरेटर के साथ जलभराव वाले कॉलोनियों से पानी निकालने का काम शुरू कर चुका है। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने भी एहतियात के तौर पर सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के आदेश जारी कर दिए हैं।
कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात
सोमवार शाम से हो रही बारिश के चलते शहर के 2 दर्जन से अधिक कॉलोनियों में 3 से 4 फीट तक पानी जमा हो चुका है, जिसके चलते इन कॉलोनियों में बाढ़ जैसे हालात नजर आ रहे हैं। घरों में पानी घुस चुका है तो गलियों में कारें पानी में डूबी नजर आ रही हैं। शहर की सबसे बड़ी सब्जी मंडी में भी 4 से 5 फीट पानी भरने से सब्जियां भी पानी में बहती नजर आ रही हैं। भीतरी शहर में एक दीवार भरभरा कर गिर पड़ी, गनीमत रही कि दीवार गिरने से कोई जनहानि नहीं हुई।
Tags:    

Similar News