Ajmer: पुष्कर निकाय चुनाव में भाजपा का दबदबा
19 वार्ड जीतकर भाजपा ने रचा इतिहास
अजमेर: तीर्थनगरी पुष्कर की नगर परिषद में भाजपा ने लगातार तीसरी बार शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 में से 19 वार्डों में जीत दर्ज की। कांग्रेस को चार और निर्दलीय उम्मीदवारों को दो वार्डों में सफलता मिली। परिणामों के बाद पुष्कर में भाजपा का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है।
कांग्रेस को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित छह वार्डों में से तीन में जीत मिली, जबकि भाजपा ने तीन वार्डों में सफलता हासिल की। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सभी पांच वार्डों में भाजपा ने जीत दर्ज की। इन वार्डों में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला। अनारक्षित 11 वार्डों में भाजपा ने आठ, कांग्रेस ने एक और निर्दलीय उम्मीदवारों ने दो वार्डों में जीत दर्ज की।
वार्ड 22 में भाजपा के मुकेश कुमावत ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की। उन्हें 542 मत मिले, जबकि कांग्रेस के जितेंद्र गहलोत को 38 मत प्राप्त हुए। कुमावत ने 504 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
वार्ड 20 में भाजपा की नीलम जादम ने कांग्रेस की उमा दग्दी को महज दो मतों से पराजित किया। जादम को 267 और दग्दी को 265 मत मिले। यहां नौ मत ‘नोटा’ को प्राप्त हुए।
वार्ड छह में भाजपा मंडल अध्यक्ष भुवनेश पाठक ने 501 मतों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। उन्हें 562, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मुरलीधर को 61 मत मिले।
वार्ड एक में भाजपा की तनुजा ने निर्दलीय इमरती को पांच मतों से हराया। तनुजा को 136, इमरती को 131 और कांग्रेस की अंजू तिलोनिया को 116 मत मिले।
कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले वार्ड सात और 12 में भी भाजपा ने जीत दर्ज की। वार्ड सात में भाजपा की सुशीला पाराशर ने कांग्रेस की शेवता पाराशर को 144 मतों से हराया। वार्ड 12 में भाजपा के वेदप्रकाश ने कांग्रेस के विजयसिंह को 111 मतों से पराजित किया।
वार्ड 11 में निर्दलीय प्रियंका पाराशर ने भाजपा की नीलम को 143 मतों से शिकस्त दी। वार्ड 13 के बहुकोणीय मुकाबले में निर्दलीय हिमांशु कुमावत विजयी रहे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय लक्ष्मीनारायण को 232 मतों से पराजित किया।
अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित छह वार्डों में भाजपा ने वार्ड एक, दो और 10 में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने वार्ड 16, 24 और 25 में सफलता हासिल की। वार्ड दो में भाजपा के राजेंद्र बाकोलिया ने कांग्रेस के अनिल को 258 मतों से हराया। वार्ड 10 में भाजपा के धर्मेंद्र ने कांग्रेस के प्रेमप्रकाश को 202 मतों से पराजित किया।
कांग्रेस की सुनीता नायक ने वार्ड 16 में भाजपा की अमीषा को 133 मतों से, वार्ड 24 में नारायण दायमा ने भाजपा के मदन को 197 मतों से और वार्ड 25 में जयकुमार ने निर्दलीय सुखराम को 105 मतों से हराया।
वार्ड 14 में भाजपा के पुष्कर नारायण भाटी ने कांग्रेस के निर्मल को 218 मतों से हराया। वार्ड 17 में भाजपा की अंजली 262 मतों के अंतर से विजयी रहीं। वार्ड 18 में भाजपा की भगवती भाटी ने निर्दलीय मोनिका सैनी को 237 मतों से और वार्ड 21 में भाजपा के विष्णुप्रसाद ने कांग्रेस के आयुष गिरी को 190 मतों से पराजित किया।
वार्ड तीन में भाजपा के नरेंद्र ने कांग्रेस के मधुसूदन को 155 मतों से, वार्ड चार में भाजपा के शरपत ने कांग्रेस के भागचंद को 176 मतों से और वार्ड नौ में भाजपा की लक्ष्मी ने कांग्रेस की कंचन को 183 मतों से हराया।
वार्ड 15 में कांग्रेस के ओमप्रकाश डोळ्या ने भाजपा के शिवस्वरूप महर्षि को 162 मतों से पराजित किया। वहीं वार्ड 23 में भाजपा के मोहित ने निर्दलीय कालूराम को 89 मतों से हराया। वार्ड आठ में भाजपा के अनुज ने कांग्रेस के बैधनाथ को 16 मतों से और वार्ड पांच में भाजपा की वंदना ने कांग्रेस की सुनीता को 55 मतों से पराजित किया।