आनासागर झील पर 2.9 फीट की चादर चली, खानपुरा तालाब भी ओवरफ्लो होकर छलका

Update: 2023-06-20 12:45 GMT

अजमेर: बिपरजॉय चक्रवाती तूफान की बारिश के चलते शहर की ऐतिहासिक आनासागर झील की चादर सोमवार को 2 फीट 9 इंच पर चल रही है। बारिश से झील में लगातार पानी की आवक बनी हुई है। शाम झील में पानी का गेज 15.9 फीट पर पहुंच गया। झील की भराव क्षमता 13 फीट है। इसलिए अतिरिक्त आया 2.9 फीट पानी चैनल गेट के ऊपर से निकल रहा है। जिससे शहर की निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों में भय व्याप्त है और उनकी रात की नींद उड़ गई है। वहीं झील से लगातार पानी की निकासी के चलते खानपुरा तालाब भी लबालब भर चुका है। शाम को उसका गेज 10.6 इंच नापा गया है। उसकी भी चादर चल पड़ी है।

फिलहाल नहीं खोले जाएंगे गेट

जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता आनंद त्रिपाठी के अनुसार भले ही आनासागर झील ओवरफ्लो हो गई है, लेकिन निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए फिलहाल इसके चैनल गेट खोलकर पानी की निकासी नहीं की जाएगी। बारिश रुकने तक इंतजार किया जाएगा, ताकि निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों के मकानों में पानी नहीं भरे। वैसे भी मौजूदा समय में झील का एस्कैप चैनल (नाला) भी अभी पूरी तरह से भरा हुआ है। झील में भराव क्षमता 13 फीट के स्थान पर इस समय 15.9 फीट पानी है। यानि 2.9 फीट अधिक जो कि खुद ही चैनल गेट के ऊपर से निकल रहा है। यही पानी खानपुरा तालाब में पहुंच रहा है। लगातार चल रही बारिश के चलते झील से रविवार को पानी ओवरफ्लो होकर इस तालाब में पहुंचने लगा था और सोमवार की शाम तक यह तालाब भी ओवरफ्लो हो गया। इसका गेज 10.6 इंच पहुंच गया है और 6 इंच पानी की चादर चल पड़ी है।

फॉयसागर का गेज 21.2 फीट पहुंचा

बारिश से फॉयसागर झील में पानी का गेज सोमवार को 21.2 फीट पर पहुंच गया है। सोमवार को यह 18 फीट था।

Tags:    

Similar News