छतरपुर: धनतेरस पर जिस नए ट्रैक्टर को खरीदकर परिवार में खुशियां आई थीं, उसी ट्रैक्टर से हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के ग्राम हतना में रविवार शाम खेत की जुताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर 70 फीट गहरे कुएं में गिर गया। हादसे में 37 वर्षीय किसान संतोष यादव और उनके 10 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।

घटना की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि संतोष की 12 वर्षीय बेटी राशि ने अपनी आंखों के सामने पिता और छोटे भाई को कुएं में गिरते देखा। अचानक हुए हादसे से घबराई बच्ची ने मदद के लिए आवाज लगाई। उसकी चीख सुनकर खेत में सिंचाई कर रहे संतोष के बड़े भाई देशराज यादव मौके पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के मुताबिक, संतोष ने धनतेरस पर नया ट्रैक्टर खरीदा था। वह ट्रैक्टर चलाना सीख रहे थे और उन्हें इसे चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। रविवार शाम खेत की जुताई के दौरान अचानक ट्रैक्टर से उनका नियंत्रण हट गया और वाहन सीधे कुएं में जा गिरा। कुएं में करीब 40 फीट तक पानी भरा हुआ था।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुएं से पानी निकालने के लिए मोटर पंप लगाए गए। शाम करीब साढ़े छह बजे एसडीआरएफ की छह सदस्यीय टीम ने भी बचाव अभियान शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 7:40 बजे क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया।

इसके बाद 10 वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। करीब दो घंटे बाद संतोष यादव का शव भी कुएं से बाहर निकाला गया।

मृतक की पत्नी रामदेवी ने बताया कि संतोष अपने बेटे के साथ खेत की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अचानक कुएं की तरफ बढ़ गया और दोनों उसके साथ अंदर गिर गए। कुएं के चारों ओर मुंडेर भी नहीं बनी हुई थी।

हादसे में जान गंवाने वाला मासूम तीसरी कक्षा का छात्र था। वह अपनी दो बहनों आयुषी और राशि का इकलौता भाई था। पति और बेटे को एक साथ खोने के बाद रामदेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में संतोष की वृद्ध मां और दो बेटियां भी हैं।

हादसे की सूचना मिलने पर विधायक ललिता यादव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। ओरछा रोड थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

Tags: