कुएं से मिला 24 वर्षीय बस चालक का कंकाल, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
मंदसौर में सनसनीखेज मामला, बस चालक का कंकाल मिलने पर परिजनों का चक्काजाम
मंदसौर: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में तीन महीने से लापता 24 वर्षीय बस चालक का कंकाल कुएं से मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रुपणी गांव में शनिवार शाम कुएं से मिले कंकाल की हालत बेहद खराब थी। कंकाल से सिर और दोनों हाथ गायब मिले। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों ने गांधी चौराहे पर प्रदर्शन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। आक्रोशित परिजनों ने कुछ देर तक चक्काजाम भी किया।
मृतक की पहचान कन्हैयालाल पिता रामलाल प्रजापत निवासी जमुनिया मीणा, थाना अफजलपुर के रूप में हुई है। वह प्रिंस बस चलाता था। परिजनों के अनुसार, कन्हैयालाल 21 अगस्त को बस लेकर निकला था। अगले दिन 22 अगस्त को उसने नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के रणायरा में बस खड़ी की और एक ढाबे पर खाना खाने चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
ढाबे पर चार लोगों से विवाद का आरोप
परिजनों का आरोप है कि ढाबे पर खाना खाने के दौरान कन्हैयालाल का चार लोगों से विवाद हुआ था। इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की गई थी। परिजनों के मुताबिक, ढाबा संचालक ने भी उन्हें चार लोगों द्वारा मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद से कन्हैयालाल का कोई पता नहीं चला।
युवक के लापता होने के बाद बद्रीलाल पिता कचरूलाल प्रजापत निवासी जमुनिया मीणा ने 31 अगस्त 2026 को नाहरगढ़ थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में युवक को बंधक बनाकर रखने की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की, लेकिन लंबे समय तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
तीन महीने बाद कुएं में मिला कंकाल
शनिवार शाम पुलिस को रुपणी गांव में सज्जन सिंह के कुएं से कंकाल बरामद हुआ। करीब तीन महीने तक कुएं में पड़े रहने के कारण शव पूरी तरह सड़ चुका था। कंकाल की हालत इतनी खराब थी कि उसका सिर और दोनों हाथ भी नहीं मिले। पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए मंदसौर जिला अस्पताल पहुंचाया।
चार लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप
मामले में परिजनों ने भीमसिंह और जगदीश पिता बापूलाल गायरी निवासी रणायरा, श्यामलाल पिता भेरूलाल बलाई निवासी रूपणी तथा रणजीतसिंह पिता मदनसिंह निवासी रूपणी पर घटना में शामिल होने का आरोप लगाया है। परिजनों ने इन चारों की गिरफ्तारी की मांग की है।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन गांधी चौराहे पर एकत्रित हो गए। उन्होंने आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने, सख्त सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए चक्काजाम भी किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीओपी गिरीश जेजूरकर और नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को संभाला।
मृतक के पिता रामलाल ने कहा कि उनका बेटा बस चलाता था और ढाबे पर खाना खाने गया था। अब उसका कंकाल कुएं में मिला है, लेकिन उसके सिर और हाथ का पता नहीं है। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
वहीं, मृतक के मामा नागूलाल ने बताया कि उनका भांजा करीब तीन महीने से लापता था। उन्होंने ढाबे पर मारपीट की जानकारी मिलने का दावा करते हुए आरोपियों को सजा दिलाने और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की।
नाहरगढ़ थाना प्रभारी वरुण तिवारी के अनुसार, मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों द्वारा बताए गए लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।