भोपाल: मध्य प्रदेश में पुरातात्विक अनुसंधान और प्राचीन इतिहास के वैज्ञानिक अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश की पहली डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को भोपाल स्थित मेपकास्ट के विज्ञान भवन में प्रयोगशाला और डॉ. वाकणकर गैलरी का शुभारंभ करेंगे।

इस प्रयोगशाला के माध्यम से करीब 10 लाख वर्ष तक पुरानी पुरातात्विक सामग्रियों की आयु का वैज्ञानिक आकलन किया जा सकेगा। इससे प्राचीन मानव सभ्यताओं, पर्यावरणीय बदलावों और ऐतिहासिक परिस्थितियों के अध्ययन में मदद मिलेगी।

गैलरी में प्रसिद्ध पुरातत्वविद् एवं इतिहासकार डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर के जीवन, शोध और योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। भीमबेटका शैलाश्रयों की खोज उनके प्रमुख योगदानों में शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी करेंगे। इसके साथ ही प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित होगी, जिसमें वैज्ञानिक, पुरातत्वविद् और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।

Tags: