बैतूल में 9.88 करोड़ से अधिक के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन
बैतूल में 50 करोड़ का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना: खण्डेलवाल
बैतूल/भोपाल: बैतूल शहर में विकास कार्यों की प्राथमिकताएं वार्डों की जरूरतों और नागरिकों के सुझावों के आधार पर तय की जाएंगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने रविवार को तीन वार्ड स्तरीय क्लस्टर बैठकों में यह बात कही। नागरिकों से संवाद के दौरान उन्होंने 9 करोड़ 88 लाख रुपये से अधिक लागत के 72 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
अर्जुन वार्ड के खंजनपुर स्थित सिल्वर लॉन, मोती वार्ड के राय साहब के बगीचे और टिकारी के मेघनाथ चौक पर आयोजित बैठकों में सड़क, सफाई, आवागमन और सार्वजनिक सुविधाओं के मुद्दे उठे। केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने भी नागरिकों को संबोधित किया।
खंजनपुर की बैठक में सुभाष, अर्जुन, दुर्गा, मालवीय, शिवाजी और गांधी वार्ड के नागरिक शामिल हुए। इन छह वार्डों में पांच करोड़ रुपये के 31 कार्यों का भूमिपूजन किया गया। राय साहब के बगीचे में हुई बैठक में तिलक, आजाद, आर्यपुरा, मोती, किदवई और गौठाना वार्ड के लिए 1 करोड़ 63 लाख रुपये के 14 कार्यों का भूमिपूजन हुआ। मेघनाथ चौक की बैठक में 3 करोड़ 25 लाख रुपये से अधिक के 27 कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
खण्डेलवाल ने कहा कि विकास को केवल सड़क और भवन निर्माण तक सीमित नहीं रखा जा सकता। स्वच्छ वातावरण, सुगम आवागमन और व्यवस्थित सार्वजनिक स्थल भी जरूरी हैं। उन्होंने राय साहब के बगीचे का कायाकल्प कर वहां 28 दुकानें बनाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सुझाव योजनाओं में शामिल किए जाएंगे।
खेल सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि बैतूल में 50 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम बनाने की योजना है। फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेबल टेनिस, तैराकी और एथलेटिक्स के लिए भी राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। उनके अनुसार, इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अवसर मिलेंगे और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने बताया कि ट्रेंचिंग ग्राउंड को शहर से बाहर दस एकड़ भूमि पर स्थानांतरित किया जा रहा है। एचएमटी फैक्ट्री के पास करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से गीता भवन ऑडिटोरियम का निर्माण भी चल रहा है।
दादा धूनी धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खण्डेलवाल ने 20 लाख रुपये की लागत से भक्त निवास बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि निर्माण पूरा होने पर श्रद्धालुओं को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी।
खण्डेलवाल ने स्वच्छ और व्यवस्थित शहर के लिए नागरिकों की भागीदारी को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर लगातार संवाद कर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्ययोजना आगे बढ़ाई जाएगी।
बैठकों में नगरपालिका अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर, उपाध्यक्ष महेश राठौर, भाजयुमो जिलाध्यक्ष विक्रम वैद्य, सीसीबी के पूर्व अध्यक्ष बसंत बाबा माकोड़े, विधायक प्रतिनिधि अजय वर्मा और सांसद प्रतिनिधि कैलाश बंडू धोटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा वार्डवासी मौजूद रहे।