ग्वालियर: पत्नी के इलाज के लिए ग्वालियर आया परिवार रविवार शाम सड़क हादसे का शिकार हो गया। ग्वालियर-झांसी नेशनल हाईवे पर डबरा के कल्याणी के पास एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कमल किशोर विश्वकर्मा, उनकी पत्नी सीमा और आठ वर्षीय बेटी दीक्षा की मौत हो गई। छह साल की बेटी भूमि उर्फ बिट्टी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।

पुलिस के अनुसार, भितरवार के सासन गांव निवासी कमल किशोर (36) पत्नी और दोनों बेटियों के साथ ग्वालियर आए थे। सीमा का यहां इलाज चल रहा था। उपचार और दवा लेने के बाद परिवार की योजना गुड़ी-गुड़ा नाके पर रहने वाले कमल के साले के घर जाने की थी।

शाम करीब छह बजे कल्याणी के पास तेज रफ्तार वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। चारों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर भेजा।

कमल किशोर ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। जयारोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में दीक्षा को भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कुछ देर बाद सीमा की भी मौत हो गई। भूमि का ट्रॉमा सेंटर में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय कमल किशोर बाइक चला रहे थे। पीछे सीमा बैठी थीं और उनकी गोद में भूमि थी, जबकि दीक्षा बीच में बैठी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों ने टक्कर मारने वाले वाहन को तेज रफ्तार ट्राला बताया है। उनका कहना है कि टक्कर के बाद ट्राला भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में चला गया। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है और वाहन की पहचान की जा रही है।

आंतरी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह जोनवार ने बताया कि दंपति और उनकी एक बेटी की मौत हुई है, जबकि दूसरी बेटी का इलाज चल रहा है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। तीन लोगों की मौत की खबर से सासन गांव में शोक का माहौल है।

Tags: