भोपाल: सामाजिक संबंधों को मजबूत करने, सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोपाल उत्सव मेला 2026 का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम तात्या टोपे नगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित मेले का उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मेला संस्कृति समाज में आपसी मेलमिलाप बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेलों में अनजान लोगों को भी एक-दूसरे से जुड़ने का अवसर मिलता है। इससे मनुष्य को यह एहसास होता है कि वह समाज में अकेला नहीं है। इसके साथ ही मेले व्यापार और व्यवसाय को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. यादव ने आयोजकों से मेले के माध्यम से मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं को कायम रखने का प्रयास करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए भी मेले उपयोगी मंच साबित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने भगवान गणेश की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद आकाश में गुब्बारे छोड़कर भोपाल उत्सव मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने मेले के व्यवस्थित आयोजन की सराहना करते हुए आयोजन समिति के सदस्यों को बधाई दी। भोपाल उत्सव मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, विधायक भगवान दास सबनानी, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी ब्रजगोपाल लोहिया, रवि गगरानी, डॉ. महेश गुप्ता, प्रकाश खंडेलवाल, योगेन्द्र मुखरैया, समाजसेवी हीरो ज्ञानचंदानी और अविनाश कुदेसिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Tags: