MP News: मध्य प्रदेश के भोपाल में एक महिला ने चूहे मारने की दवा खा ली, जिसके बाद उसकी मौत हो गई, लेकिन महिला ने आत्महत्या नहीं की. बल्कि उसने गलती से ये दवा खा ली. महिला गठिया रोग से पीड़ित थी, जिसे आधी रात को शरीर में तेज दर्द महसूस हुआ. महिला को इतना तेज दर्द हुआ कि वह दवा नहीं देख पाई और दवा की जगह गलती से उसने चूहे मारने की दवा खा ली. इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. यह मामला भोपाल के मिसरोद थाना क्षेत्र के संजय नगर से सामने आया है, जहां सरजू पाटीदार काफी समय से गठिया रोग से पीड़ित थी|
गुरुवार आधी रात को उसे काफी तेज दर्द हुआ. आनन-फानन में उसने अंधेरे में दवा की जगह चूहे मारने की दवा खा ली. इसके बाद उसे काफी उल्टियां हुईं और धीरे-धीरे उसकी हालत बिगड़ती चली गई. सरजू पाटीदार काफी समय से गठिया रोग से पीड़ित थी. उसने कई बड़े शहरों में अपना इलाज कराया, लेकिन उसे आराम नहीं मिला. हाल ही में उसका शुगर लेवल काफी बढ़ गया था, जिसके बाद डॉक्टर ने उसे गठिया की दवा देने से भी मना कर दिया था. इस बीच 20-21 मार्च की रात करीब 3:00 बजे उसे अचानक तेज दर्द हुआ तो उसने अंधेरे में दवा की जगह चूहे मारने की दवा खा ली।
इसके बाद जब महिला की तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे एम्स ले गए। महिला का दो दिन तक अस्पताल में इलाज चला, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका और दो दिन बाद उसकी मौत हो गई। शुरुआती जांच में डॉक्टरों को सरजू पाटीदार के शरीर में जहर मिला था। तब तक महिला होश में थी। उसने पुलिस को बयान दिया था, जिसमें उसने पूरी घटना की जानकारी दी। उसने पुलिस को बताया कि जब उसे अचानक तेज दर्द हुआ तो वह कुछ समझ नहीं पाई। अंधेरा भी था तो उसने दवा समझकर दूर रखा चूहे मारने का जहर उठाया और खा लिया।