Ranchi रांची : नगर निगम चुनाव के बीच रांची के मोराबादी मैदान स्थित डिस्पैच सेंटर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गाड़ी के अंदर ड्राइवर की लाश मिली। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, नगर निगम चुनाव ड्यूटी के लिए एक गाड़ी मोराबादी मैदान स्थित नगर निगम चुनाव गाड़ी सेल में लाई गई थी। गाड़ी के साथ ड्राइवर भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर रात भर गाड़ी के अंदर सो गया था। सुबह वह गाड़ी से उतरकर मॉर्निंग वॉक पर गया और वापस आकर आराम करने लगा।
जब वह काफी देर तक गाड़ी से बाहर नहीं निकला, तो दूसरे ड्राइवरों को शक हुआ। गाड़ी के अंदर देखने पर उन्हें ड्राइवर मरा हुआ मिला। अधिकारियों और पुलिस को तुरंत इसकी जानकारी दी गई।
शुरुआती तौर पर शक है कि ड्राइवर की मौत हार्ट अटैक से हुई होगी, हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।गौरतलब है कि झारखंड में सोमवार, 23 फरवरी को नगर निगम चुनाव होने हैं। चुनाव की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से प्रशासन और चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी सदमे में हैं।