सामाजिक समरसता का संदेश देगी गुरु रविदास शोभायात्रा
जम्मू में 29 नवंबर को होगा महान संत सम्मेलन
जम्मू: समानता, प्रेम और सामाजिक समरसता का संदेश लेकर श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में 30 नवंबर को जम्मू से पठानकोट तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। श्री श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरी जी महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाली इस यात्रा की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
श्री गुरु रविदास सभा, ट्रस्ट, सोसायटी एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने प्रेसवार्ता में बताया कि शोभायात्रा सुबह साढ़े नौ बजे बाहु किले स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज से रवाना होगी।
यात्रा गुज्जर नगर पुल, विवेकानंद चौक, डोगरा चौक, तवी पुल, विक्रम चौक, सतवारी, गंग्याल और कुंजवानी से होकर गुजरेगी। इसके बाद बड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर, सांबा, घगवाल, हीरानगर, दयालाचक, छन रोरियां, कलिबाड़ी, लखनपुर और माधोपुर के रास्ते पठानकोट पहुंचेगी। शोभायात्रा का समापन डेरा स्वामी जगत गिरी आश्रम में होगा।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने वाले वाहनों की संख्या 27 नवंबर की शाम तक प्रबंधन समिति को उपलब्ध कराने की अपील की है। इससे वाहनों के लिए स्टीकर, झंडे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जा सकेंगी। प्रतिभागियों से 30 नवंबर को सुबह आठ बजे गुरुद्वारा पहुंचने का आग्रह किया गया है।
आयोजकों के अनुसार, शोभायात्रा का प्रमुख उद्देश्य गुरु रविदास महाराज की समानता, श्रम की गरिमा, प्रेम, करुणा और मानवता से जुड़ी शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उनके संदेश ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ और बेगमपुरा की अवधारणा के माध्यम से भेदभावमुक्त समाज की स्थापना की प्रेरणा दी जाएगी।
इसके अलावा 29 नवंबर को सुबह 11 बजे सिकंदरपुर कोठे स्थित सुखसागर भवन में महान संत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन भी स्वामी गुरदीप गिरी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा।
प्रेसवार्ता में इंजीनियर आरसी भसीन, सीएल बनाल, केसर सिंह, इंजीनियर परस राम, दर्शन लाच और शाम लाल बस्सन सहित विभिन्न धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।