जम्मू: जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों से जुड़े लोगों को पार्टी में शामिल किया है। गुरुवार को गांधी नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में अध्यक्ष सैयद मोहम्मद अल्ताफ बुखारी की मौजूदगी में पूर्व मुख्य कृषि अधिकारी मदन लाल भगत, रेंजर हरीश चंदर और सेवानिवृत्त कैप्टन मनमोहन सिंह चिब ने सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी के अनुसूचित जाति सेल के अध्यक्ष बोध राज भगत की ओर से आयोजित कार्यक्रम में अल्ताफ बुखारी ने नए सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी।

पत्रकारों से बातचीत के दौरान बुखारी ने शेषनाग झील के पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी चिंताओं पर सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा धार्मिक आस्था का विषय है और श्रद्धालुओं का स्वागत करना कश्मीर की परंपरा रही है। हालांकि, धार्मिक गतिविधियों और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना भी आवश्यक है।

भर्ती परीक्षाओं के बार-बार स्थगित और रद्द होने पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अनिश्चितता के कारण बेरोजगार युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल के मुद्दे पर उन्होंने सरकार से संवाद के माध्यम से जल्द समाधान निकालने की मांग की, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।

बुखारी ने दैनिक वेतनभोगियों और अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण, आरक्षण से संबंधित असमंजस, बढ़ती महंगाई तथा बिजली और एलपीजी राहत से जुड़े वादों को लागू करने का मुद्दा भी उठाया।

उन्होंने पंचायत और शहरी निकाय चुनावों में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे जमीनी स्तर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार से जनसमस्याओं के समाधान के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

Tags: