कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ स्थित गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वुमेन के सभागार में गुरुवार को जिला स्तरीय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त राजेश कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

विद्यार्थियों ने विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह में दक्षिण भारत और जम्मू-कश्मीर के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी के साथ रंगोली और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।

संविधान दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना पढ़ी और संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ ली।

उपायुक्त राजेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण ने विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने पर जोर दिया।

Tags: