जीएमसी कठुआ में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शुरू की भूख हड़ताल
वर्षों से लंबित पदोन्नति और सेवा लाभों को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी
कठुआ: जम्मू-कश्मीर के सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ में सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स (एसआरआर) लागू करने की मांग को लेकर स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आंदोलन तेज कर दिया है। लगातार 11 दिनों से प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर भूख हड़ताल शुरू की।
पहले दिन दो महिला और दो पुरुष स्वास्थ्य कर्मचारी अनशन पर बैठे। इस दौरान अन्य कर्मचारियों ने बैनर-पोस्टर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
कर्मचारियों का कहना है कि पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के गैर-राजपत्रित कर्मचारी लंबे समय से अपने सेवा अधिकारों की मांग कर रहे हैं। एसआरआर लागू नहीं होने के कारण उनकी पदोन्नति, स्थायीकरण और अन्य सेवा लाभ अटके हुए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने एसआरआर तत्काल लागू करने की मांग करते हुए शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखने की बात कही है।