जम्मू: भारतीय ज्ञान परंपरा की समृद्ध विरासत को आधुनिक व्यावसायिक प्रबंधन से जोड़ने की संभावनाओं पर जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय में मंथन शुरू हुआ है। गुरुवार को शुरू हुए दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में सतत व्यावसायिक विकास, नैतिक नेतृत्व और नवाचार से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ अपने विचार साझा कर रहे हैं।

‘सतत व्यावसायिक विकास के लिए टिकाऊ प्रथाएं : भारतीय ज्ञान प्रणाली से प्राप्त अंतर्दृष्टि’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में देश के 20 संस्थानों से करीब 80 शोध पत्र प्राप्त हुए हैं। इसका आयोजन विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के मार्केटिंग एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट विभाग ने भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद के सहयोग से किया है।

उद्घाटन सत्र में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि जम्मू केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीव जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

प्रो. बंसल ने भारतीय ज्ञान प्रणाली को आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियों से जोड़ने की आवश्यकता बताई। उन्होंने नैतिक मूल्यों और युवाओं के कौशल विकास पर जोर देते हुए कहा कि पारंपरिक ज्ञान और नवाचार के समन्वय से व्यावसायिक विकास की नई संभावनाएं तलाश की जा सकती हैं।

कुलपति प्रो. संजीव जैन ने स्वदेशी ज्ञान, नैतिक नेतृत्व और टिकाऊ कार्यप्रणाली को भविष्य के व्यवसाय एवं उच्च शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।

आईआईटी बॉम्बे के प्रो. दिनेश शर्मा ने अपने मुख्य वक्तव्य में आधुनिक जीवन और प्रबंधन के क्षेत्र में भारतीय ज्ञान प्रणाली की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। प्रो. नीलिका अरोड़ा और प्रो. असित मंत्री ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।

सम्मेलन के संयोजक डॉ. विनय कुमार ने भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक प्रबंधन सिद्धांतों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

उद्घाटन सत्र के बाद आयोजित दो पैनल चर्चाओं में विशेषज्ञों ने स्वदेशी प्रबंधन सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों को आधुनिक व्यावसायिक रणनीतियों में शामिल करने पर विचार-विमर्श किया। सम्मेलन में शोध पत्रों की प्रस्तुतियों के माध्यम से सतत विकास, जिम्मेदार नेतृत्व और नवाचार के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की जाएगी।

Tags: