कठुआ: जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की ओर से गृह विभाग में सब-इंस्पेक्टर पदों पर भर्ती के लिए 29 नवंबर को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। कठुआ जिले में इसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 5662 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त सचिन जम्वाल ने डीसी कार्यालय परिसर में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा दोपहर एक बजे से तीन बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली, सुरक्षा और आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों और वीडियोग्राफी के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।

बैठक के दौरान जेकेएसएसबी सदस्य सिमरजीत सिंह ने केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों और मजिस्ट्रेटों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों, बायोमेट्रिक सत्यापन, सुरक्षा व्यवस्था और मानक संचालन प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया।

अतिरिक्त उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील केसर, आरटीओ सुरिंदर शर्मा सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: