Samba सांबा: जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले सांबा के नड ब्लॉक के सदयाली गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय पुलिस को बीती रात एक महिला द्वारा संदिग्ध व्यक्ति को देखे जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, विशेष अभियान समूह (एसओजी) और सेना की संयुक्त टीम ने तुरंत इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां रात को ही हरकत में आ गईं और पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा बलों ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन की मदद से भी इलाके पर कड़ी नजर रखी, लेकिन रात भर चले इस ऑपरेशन में किसी संदिग्ध की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी। ग्रामीणों में डर का माहौल है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।