हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को हमीरपुर में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें जिले के सभी मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के संयोजकों ने हिस्सा लिया। बैठक में बूथ से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर चर्चा की गई।

जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने बताया कि 17 नवंबर को पालमपुर में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पार्टी नेतृत्व ने संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के आधार पर हमीरपुर जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और निर्धारित कार्यों को समय पर पूरा करने की रूपरेखा तैयार की जा रही है।

बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 सक्रिय कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करने पर जोर दिया गया। इन कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक और चुनावी जिम्मेदारियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए चिह्नित किया जाएगा।

राकेश ठाकुर ने बताया कि विधानसभा प्रभारियों, मोर्चों के प्रभारियों, जिला पदाधिकारियों और सह-प्रभारियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए पहले जिला और फिर मंडल स्तर पर समन्वय बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों में निष्क्रिय जिला और मंडल पदाधिकारियों की समीक्षा करने तथा आवश्यकता के अनुसार उनके दायित्वों में बदलाव के सुझाव देने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और महामंत्रियों की सक्रियता का मूल्यांकन करने का निर्णय लिया गया।

जिला अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ऐसे कार्यकर्ताओं की भी पहचान की जाएगी, जिनके साथ विशेष संवाद और समन्वय की आवश्यकता है।

बैठक में वर्ष 2010 से अब तक हुए पंचायतीराज संस्थाओं के चार चुनावों के परिणामों का विवरण संकलित करने पर भी चर्चा हुई। इसमें चुनाव जीतने और हारने वाले प्रत्याशियों की जानकारी जुटाकर स्थानीय स्तर के चुनावी अनुभवों और संगठनात्मक गतिविधियों का आकलन किया जाएगा।

भाजपा जिला संगठन की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय, जिम्मेदारियों के निर्धारण और संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया।

Tags: