हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के गलोड़ में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने गलोड़ में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय खोलने, स्थानीय सहकारी समिति को एक करोड़ रुपये देने और ग्राम पंचायत गोईस में नए पंचायत भवन के निर्माण के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने चिकित्सा शिविर का शुभारंभ भी किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही 'मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार' योजना शुरू करेगी। इसके तहत पात्रता के लिए आय सीमा 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये की गई है। योजना के अंतर्गत 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की 3.50 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन और पात्र परिवारों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 59 वर्ष से अधिक आयु की 2.87 लाख महिलाओं की पेंशन भी 1050 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये की गई है।

उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और प्रयासों से राज्य के राजस्व में चार हजार करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। किशाऊ बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल की शर्तों के अनुरूप समझौता किया गया है। इसके तहत प्रदेश सरकार को परियोजना में निवेश नहीं करना पड़ेगा, जबकि परियोजना पूरी होने पर सालाना 1200 से 1500 करोड़ रुपये राजस्व मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज के निर्माण को गति देने के लिए सरकार ने अपने संसाधनों से 500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले एक वर्ष में यह संस्थान प्रदेश के प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालयों में शामिल होगा। आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक मेडिकल कॉलेजों में भी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने पर काम किया जा रहा है।

सुक्खू ने बताया कि गलोड़ क्षेत्र की सभी सड़कों को डबल लेन में स्तरोन्नत किया गया है। इसके साथ ही क्षेत्र में सीबीएसई स्कूल खोलने और शिक्षकों की नियुक्ति का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं और पेपर लीक मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है। उन्होंने 1.36 लाख कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार के चार वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर हमीरपुर जिले के सुजानपुर में समारोह आयोजित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक, प्राकृतिक और राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी क्षेत्रों के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Tags: