कांगड़ा में स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगी मजबूती, नए अस्पताल भवन का उद्घाटन आज
CM सुक्खू के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, अस्पताल भवन का हुआ निरीक्षण
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर में नवनिर्मित सिविल अस्पताल भवन के लोकार्पण की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 20 नवंबर को नए भवन का लोकार्पण करेंगे। इससे एक दिन पहले गुरुवार को उप मुख्य सचेतक एवं विधायक केवल सिंह पठानिया ने अस्पताल पहुंचकर तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
विधायक केवल सिंह पठानिया ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ नवनिर्मित अस्पताल भवन का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भवन की स्थिति, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लोकार्पण समारोह से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता और अन्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
केवल सिंह पठानिया ने स्वास्थ्य विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भवन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि समारोह से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर संबंधित विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।