हिमाचल में सड़क निर्माण को रफ्तार, 78 में से 38 सड़कों का काम पूरा
कांगड़ा में विकास परियोजनाओं की समीक्षा, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सड़क, पुल और अन्य विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। धर्मशाला स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता के उच्च मानक बनाए रखने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान कांगड़ा जिले के लिए आवंटित 133 करोड़ रुपये में से अक्टूबर तक 122 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष के तहत स्वीकृत 22 परियोजनाओं में से 17 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष पांच परियोजनाओं पर काम जारी है। इस मद में प्राप्त 41 करोड़ रुपये में से अब तक 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
बैठक में नाबार्ड के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने बताया कि नाबार्ड से प्राप्त 64 करोड़ रुपये में से अक्टूबर तक 42 करोड़ रुपये विभिन्न निर्माण कार्यों पर व्यय किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) 3.0 के तहत कांगड़ा जिले में स्वीकृत 78 सड़कों में से 38 का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि 40 सड़कों पर काम जारी है।
इसी तरह जिले में स्वीकृत 13 पुलों में से दो का निर्माण पूरा हो चुका है और नौ पुलों पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। तकनीकी कारणों के चलते दो पुलों का निर्माण फिलहाल रोका गया है।
इसके अलावा कांगड़ा जिले में आठ राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी कार्य निर्धारित समयावधि में पूरे किए जाएं।