माइनस 5.1 डिग्री पहुंचा पारा, सूखी ठंड से कांपा हिमाचल; 3 दिसंबर तक बारिश के आसार नहीं
बिलासपुर में 50 मीटर तक सिमटी दृश्यता, तीन जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बारिश की कमी के बीच सूखी ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। नवंबर में प्रदेश में सामान्य से 82 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस महीने सामान्य 17.1 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 3.1 मिलीमीटर बारिश हुई है।
लाहौल-स्पीति का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बिलासपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर महज 50 मीटर रह गई।
मौसम विभाग ने बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी के निचले पहाड़ी एवं मैदानी इलाकों में 1 दिसंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में 3 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहने और बारिश-बर्फबारी की संभावना नहीं होने का पूर्वानुमान है।
डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, गर्म कपड़े पहनने और घरों में नमी बनाए रखने की सलाह दी है। सूखी ठंड से सांस संबंधी परेशानी, गले में खराश और त्वचा में रूखापन बढ़ सकता है।