हरोली को मिलेगी खेल और आधुनिक सुविधाओं की सौगात, डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने किया निरीक्षण
अप्रैल से पहले तैयार होगा न्यू हरोली का सिंथेटिक ट्रैक, हेलीपोर्ट का काम भी तेजी से जारी
ऊना: हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को न्यू हरोली में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री के अनुसार, निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक का करीब 40 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। दिसंबर तक इसे 60 प्रतिशत तक पूरा करने का लक्ष्य है। अनुकूल मौसम में इसकी सिंथेटिक सतह बिछाई जाएगी और 30 अप्रैल से पहले इसे तैयार किया जाएगा। हेलीपोर्ट का काम भी अप्रैल तक पूरा करने की योजना है।
परिसर में इनडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सैनिक भवन और उद्योग भवन सहित कई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। बेहतर आवागमन के लिए रिंग रोड और बड़ा गोल चक्कर बनाने की भी योजना है।