सोलन: हिमाचल प्रदेश में नए जिलों के गठन को लेकर कांग्रेस नेताओं के अलग-अलग बयानों के बीच भाजपा ने सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से पूछा है कि सरकार की नए जिले बनाने को लेकर वास्तविक नीति क्या है।

नौणी विश्वविद्यालय में संविधान दिवस कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कश्यप ने कहा कि कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और विधायक रघुबीर सिंह बाली नए जिलों के गठन को लेकर अलग-अलग राय रख चुके हैं। वहीं, कांग्रेस के कुछ नेता प्रशासनिक पुनर्गठन के पक्ष में हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार को नए जिले बनाने से जुड़े आर्थिक खर्च, प्रशासनिक जरूरतों और जनसुविधाओं पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। कश्यप ने जोर दिया कि ऐसे फैसले राजनीतिक प्राथमिकताओं के बजाय जनहित और भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर होने चाहिए।

Tags: