Himachal Pradesh: तापमान में बढ़ोतरी के कारण सेब के पौधों में जल्दी फूल आने की संभावना
Himachal Pradesh: प्रदेश में सूखे के चलते सेब के पौधों में समय से पहले फूल आने की संभावना है। प्रदेश में लंबे समय से सूखे की स्थिति गंभीर बनी हुई है। बागवान अब सेब की फसल को लेकर चिंतित हैं। कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुठलीदार फलों के पौधों में फूल आने शुरू होने वाले हैं। इसके अलावा अगले कुछ दिनों में सेब के पौधों में फूल भी आने शुरू हो जाएंगे। यह सेब की फसल के लिए अच्छा संकेत नहीं है। मौसम की बेरुखी के चलते सेब की फसल खतरे में है। सेब के बगीचों में नमी नहीं है।
इसके चलते सेब के पौधे सूखने की कगार पर पहुंच गए हैं। अहम बात यह है कि फूल आने के दौरान बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी। इससे सेब में फल लगने की संभावना कम हो जाएगी। कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब के पौधों में चिलिंग ऑवर्स पूरे होने की संभावना भी कम है। इसका सीधा असर सेब की फसल पर पड़ेगा। इतना ही नहीं, कम और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवान सेब के नए पौधे नहीं लगा पा रहे हैं। इस बार मौसम अनुकूल न होने के कारण बागवानों को भारी नुकसान होने की संभावना है।