Shimla शिमला : देवभूमि में घूमने के नाम पर बेहुदेपन का प्रदर्शन करने आने वाले कुछ तथाकथित पर्यटकों का वीडियो सामने आया है। मामला किरतपुर-मनाली फोरलेन पर पंडोह के साथ लगते कैंची मोड़ के पास का है।
यहां एक दिल्ली नंबर कार में सवार कुछ युवाओं ने हदें पार कर दीं। पर्यटक चलती कार के सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर जाम छलकाते हुए नजर आए। यहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने इनका वीडियो बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग इस हरकत को लेकर कड़ी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि एक युवक सनरूफ से बाहर निकलकर शराब पी रहा है, जबकि अन्य साथी खिड़की से लटकते हुए सिगरेट के साथ शराब पी रहा है।
लोगों का कहना है कि पर्यटन के नाम पर कुछ सैलानी देवभूमि की संस्कृति और मर्यादा को लगातार ठेस पहुंचा रहे हैं। यह केवल नियमों की अनदेखी नहीं, बल्कि हिमाचल की छवि को बदनाम करने की साजिश है। स्थानीय नागरिकों ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस प्रकार की घटनाएं केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि जनसुरक्षा को गंभीर खतरा भी है। ऐसे सैलानी अपनी जान ही नहीं, सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में डाल रहे हैं। वहीं, पंडोह पुलिस चौकी प्रभारी अनिल कटोच ने बताया कि मामला उनके ध्यान में आ गया है और वाहन की पहचान कर ली गई है। नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।