हिसार: पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार को अग्रोहा थाना पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों का प्राथमिकता से निपटारा करने के निर्देश दिए।

मालखाने, हवालात और पुलिस रिकॉर्ड की जांच

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाने के मालखाने, हवालात, वायरलेस व्यवस्था, विभिन्न रजिस्टरों और परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। मालखाने में मुकदमों से संबंधित खड़े वाहनों की स्थिति जांचते हुए उन्होंने उनके उचित रखरखाव और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड को व्यवस्थित और नियमित रूप से अपडेट रखने पर भी जोर दिया। वायरलेस ऑपरेटर को संचार व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा ड्यूटी के दौरान सतर्कता और जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस संचार प्रणाली का प्रभावी होना बेहद जरूरी है।

पुलिस मैस में भोजन की गुणवत्ता पर दिया जोर

थाना परिसर का निरीक्षण करते हुए सिद्धांत जैन ने साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के लिए संचालित मैस का भी जायजा लिया और वहां भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कर्मचारियों को पौष्टिक, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिलना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ रहकर अपनी ड्यूटी बेहतर ढंग से निभा सकें।

शिकायतों पर संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश

एसपी ने थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए। शिकायतों पर नियमानुसार जल्द कार्रवाई की जाए तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने और सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को ईमानदारी, निष्ठा तथा जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिस व्यवस्था, रिकॉर्ड का उचित रखरखाव, स्वच्छ वातावरण और अनुशासित कार्यप्रणाली गुणवत्तापूर्ण पुलिसिंग के अहम हिस्से हैं।

थानों में सुधार के लिए आगे भी होंगे औचक निरीक्षण

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि जिले के थानों की कार्यप्रणाली में सुधार, पुलिसकर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आमजन को गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं देने के उद्देश्य से औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। उन्होंने अधिकारियों को पुलिस व्यवस्था अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास करने के निर्देश दिए।

Tags: