हिसार: हिसार में नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गांव भेरियां के पास नाकाबंदी कर एक वैन्यू कार में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 206 ग्राम अफीम, 315 बोर का एक अवैध पिस्टल और वैन्यू कार बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिंगनीखेड़ा निवासी गुरमेश, चिंदड़ निवासी कुलदीप, चौधरीवाली निवासी सतपाल और कालवास निवासी सुनील के रूप में हुई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी

सहायक उप निरीक्षक शक्ति ने सोमवार को बताया कि वह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध वैन्यू कार में नशीला पदार्थ और अवैध हथियार मौजूद हैं। सूचना के आधार पर टीम ने गांव भेरियां के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध कार को रुकवा लिया।

तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 206 ग्राम अफीम और ड्राइवर सीट के नीचे से 315 बोर का अवैध पिस्टल बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने कार सवार चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान से लौट रहे थे आरोपी

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि चारों आरोपी राजस्थान से अपने एक परिचित का सरपंच पद का चुनाव करवाकर वापस लौट रहे थे। पुलिस ने बरामद अफीम, अवैध हथियार और कार को कब्जे में लेकर चारों आरोपियों के खिलाफ आजाद नगर थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Tags: