Hisar: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
प्रो. बिश्नोई ने वृक्षारोपण को जनअभियान बनाने की अपील की
हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की एक प्रेरणादायी पहल है। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-5 की ओर से गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर स्थित मयूर रंगमंच के सामने सघन पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने पौधारोपण कर किया। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. विजय कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बागवानी विभाग के निदेशक प्रो. नीरज दिलबागी, एनएसएस समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता तथा कार्यक्रम संयोजक डॉ. रामस्वरूप सहित विश्वविद्यालय के अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बताया कि विश्वविद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत 12 जुलाई को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में खेजड़ी का पौधा रोपित कर की गई थी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने इस वर्ष 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिनमें से अब तक करीब दो हजार पौधे लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल कर उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर हरित एवं स्वच्छ परिसर के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की निरंतर देखभाल ही इस अभियान की वास्तविक सफलता सुनिश्चित करेगी।
एनएसएस समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक समाज सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश देता है, जिसे एनएसएस स्वयंसेवक और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुमित शर्मा, डॉ. शिवानी यादव, खुशबू सेठी, डॉ. गार्गी बूरा, डॉ. मलकित सिंह एवं डॉ. गुंजन मुंजाल सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों ने भाग लिया। इस दौरान सभी स्वयंसेवकों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल और पर्यावरण संवर्धन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प भी लिया।