Haryana Crime : जातिसूचक शब्द का इस्तेमाल करने पर साथी की हत्या

Update: 2025-06-01 00:49 GMT
Haryana Crime: जिले के गांव जाटूवास में 24 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। शनिवार शाम उसका शव खेत में पड़ा मिला। सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी को भी हिरासत में ले लिया। आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में हत्या की गई है। मॉडल टाउन थाना अंतर्गत सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। गांव भाड़ावास निवासी 24 वर्षीय रोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता प्रदीप पेशे से किसान हैं। रोहित शुक्रवार रात को घर से निकला था।
लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। शनिवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि गांव जाटूवास में कमल के खेत में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि मृतक पास के गांव भाड़ावास का रोहित है। इसके बाद उसके परिजनों को मौके पर बुलाया गया। रोहित के गले व शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि रोहित को आखिरी बार नागर के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने नागर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो हत्या का राज खुल गया।
आरोपी ने बताया कि उसने रोहित की हत्या इसलिए की क्योंकि उसने शराब के नशे में उसके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया था। इससे पहले दोनों ने शराब के ठेके से कुछ दूर एक खेत में साथ बैठकर शराब पी थी। जब रोहित ज्यादा नशे में हो गया तो आरोपी नागर ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। सेक्टर 3 थाना पुलिस ने नागर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही रोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। रविवार को उसके शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
Tags:    

Similar News