हिसार के गांवों को बड़ी सौगात, तीन सड़कों पर खर्च होंगे 20 करोड़ से ज्यादा
A major gift for Hisar villages, three roads will cost more than 20 crore rupees.
हिसार: जिले के ग्रामीण अंचल में आवागमन को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने तीन महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी है। इन विकास कार्यों पर कुल 20 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा की विशेष पहल पर मंजूर हुए इन प्रोजेक्ट्स से क्षेत्र की कनेक्टिविटी में सुधार होगा और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
मंजूर किए गए कार्यों में बरवाला विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव खरड़ अलीपुर से ढाणी रायपुर तक करीब 5.79 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 17 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सड़क पर जल निकासी के लिए नालियों, पुलियों, संकेतक बोर्ड और अन्य जरूरी सुरक्षा सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है।
इसी प्रकार गांव रायपुर से शिकारपुर तक 1.98 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 करोड़ 25 लाख 59 हजार रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई है। इस सड़क पर मौजूदा सतह को दुरुस्त करने के साथ नई परत बिछाई जाएगी। इसके अलावा न्याणा से शिकारपुर तक 2.21 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण के लिए 1 करोड़ 59 लाख 55 हजार रुपये की मंजूरी दी गई है। इस सड़क पर सुदृढ़ीकरण के साथ जंक्शन सुधार, पुलियों, साइड ड्रेन और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ना सरकार का मुख्य लक्ष्य: रणबीर गंगवा
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने शुक्रवार को कहा कि इन तीनों सड़कों के बन जाने से ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात बेहद सुगम हो जाएगा। सड़कें मजबूत होने से आम नागरिकों के साथ-साथ विशेष रूप से किसानों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों को आवाजाही में भारी सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरे राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और हर गांव को बेहतर सड़क मार्ग से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि लोगों का सफर सुरक्षित और आरामदायक बन सके।