Dhandhuka हत्याकांड के बाद प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, आरोपी के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला

Update: 2026-04-21 09:28 GMT

Gujarat: गुजरात के अहमदाबाद जिले के धंधुका इलाके में धर्मेश गमारा की हत्या के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। एक मामूली बाइक ओवरटेकिंग विवाद में हुए इस हत्याकांड ने इलाके में आक्रोश फैला दिया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा इतना बढ़ गया कि भीड़ ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ दुकानों में आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड पर भेज दिया गया। घटना के बाद से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति दोबारा न बने।

इसी बीच प्रशासन ने भी सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए। धंधुका में आरोपी के घर और आसपास के इलाकों में अवैध निर्माणों की पहचान कर कार्रवाई की गई। आरोपी के घर को बुलडोजर से गिराया गया, जिससे अवैध अतिक्रमण को खत्म किया जा सके। यह कार्रवाई स्थानीय प्रशासन और पुलिस की संयुक्त निगरानी में की गई।

डीएसपी आस्था राणा ने बताया कि पूरे इलाके में तोड़फोड़ और अतिक्रमण हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इस अभियान में लगभग 400 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, जिनमें 3 डीएसपी, 11 पुलिस इंस्पेक्टर और 16 से 18 सब-इंस्पेक्टर मौजूद रहे। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस और ड्रोन की मदद से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि इलाके में लगातार गश्त की जा रही है ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

दूसरी ओर, बिजली विभाग यूजीवीसीएल के अधिकारी विद्यासागर ने बताया कि आरोपी के आसपास कई अवैध अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं। खटकिवस क्षेत्र में भी कई अवैध निर्माण पाए गए हैं, जिन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अलावा धंधुका-बगोदरा सड़क मार्ग पर फ्लाईओवर से लेकर चौराहे तक के अतिक्रमण हटाने की योजना पर भी काम चल रहा है।

बिजली विभाग की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास आपराधिक इतिहास से जुड़े अवैध बिजली कनेक्शन थे, जिन्हें तत्काल हटा दिया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध दबाव या अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिन लोगों पर अवैध कब्जे हैं, उन्हें खुद ही इन्हें हटाने की सलाह दी गई है, ताकि आगे किसी कार्रवाई से बचा जा सके।

इस पूरी घटना के बाद धंधुका इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Tags:    

Similar News