Raipur. रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित ‘प्रोजेक्ट अनुभव’ के तहत सीजीपीएससी राज्य सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों को साक्षात्कार की बेहतर तैयारी के लिए लगातार मार्गदर्शन दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज नेतृत्व साधना केंद्र, फुंडहर में 19 अभ्यर्थियों का निःशुल्क मॉक इंटरव्यू आयोजित किया गया। मॉक इंटरव्यू में प्रशासनिक सेवा के अनुभवी अधिकारियों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, शिक्षाविदों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने पैनल सदस्य के रूप में अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों की व्यक्तित्व क्षमता, आत्मविश्वास, संवाद शैली, विषयगत ज्ञान, समसामयिक घटनाओं की समझ और प्रशासनिक दृष्टिकोण का आकलन किया। साक्षात्कार के बाद अभ्यर्थियों को उनकी कमियों और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक सुधारों के संबंध में व्यक्तिगत फीडबैक भी दिया गया।


अनुभवी विशेषज्ञों ने लिया मॉक इंटरव्यू में मॉक इंटरव्यू के पैनल में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी संजय अलंग, आईएएस एवं सीईओ जिला पंचायत कुमार विश्वरंजन, संचालक खेल एवं युवा कल्याण सुश्री आकांक्षा सिंह, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, संयुक्त कलेक्टर के.एम. अग्रवाल, सेवानिवृत्त एडीएम एस.एल. नायक, लेखक एवं सेवानिवृत्त एडीएम संजीव बक्शी, सेवानिवृत्त संयुक्त संचालक राहुल सिंह, श्री भुवाल सिंह, प्रोफेसर बृज किशोर प्रसाद, उप संचालक वित्त बी.के. नायक, सीटीओ आभाष सिंह ठाकुर, जीएम डीआईसी अमय त्रिपाठी एवं डिप्टी कलेक्टर स्वप्निल वर्मा सहित विशेषज्ञ शामिल रहे। मॉक इंटरव्यू के दौरान विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों से प्रशासन, छत्तीसगढ़, समसामयिक विषयों, उनके शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत अनुभवों तथा प्रशासनिक परिस्थितियों से जुड़े प्रश्न पूछे। इंटरव्यू के बाद विशेषज्ञों ने प्रत्येक अभ्यर्थी को उनकी प्रस्तुति, उत्तर देने के तरीके और व्यक्तित्व से जुड़े पहलुओं पर सुझाव दिए।
Tags: