Ambikapur. अंबिकापुर। आज नगर पालिक निगम, अम्बिकापुर के कार्यालय भवन में आयुक्त, नगर पालिक निगम, अम्बिकापुर विनय अग्रवाल की अध्यक्षता में तकनीकी टीम और सड़क निर्माण कार्य के ठेकेदारों की बैठक ली गई। नगर पालिक निगम अम्बिकापुर क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों को गति देने तथा आगामी कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह बैठक हुई। बैठक में आयुक्त ने सभी जोन अभियंताओं को निर्देशित किया कि बारिश रुकते ही ठेकेदारों से समन्वय स्थापित कर स्वीकृत सड़क निर्माण कार्यों में
गड्ढा भराई, समतलीकरण
तथा प्रावधानित नाली एवं पुलिया निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए। वहीं, जिन सड़क निर्माण कार्यों के कार्यादेश जारी हो चुके हैं, उनके डामरीकरण का कार्य अक्टूबर माह के मध्य से प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी अभियंताओं एवं कार्य एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में मानक एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के साथ-साथ निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। वर्तमान में नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा लगभग 42 छोटे-बड़े सड़क निर्माण कार्य कराए जाने हैं, जिनमें 36 कार्य अधोसंरचना मद तथा 6 कार्य मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत शामिल हैं। बैठक में निगम के कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता एवं जोन इंजीनियर सहित कार्य एजेंसियों मेसर्स राधा जीवन प्रोजेक्ट्स, मेसर्स तेजस इन्फ्राटेक, प्रकाशचंद राय एवं मेसर्स कालिका कन्स्ट्रक्शंस के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags: