Chhattisgarh. छत्तीसगढ़। जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान और नकदी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, हेमुनगर निवासी रवि शर्मा मसाला और डेली नीड्स की दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने 10 सितंबर 2026 को थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान में घुसकर गल्ले में रखी नकदी और सामान चोरी कर लिया है।
शिकायत के आधार पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 497/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। पुलिस ने सीसीटीवी में मिले हुलिए के आधार पर संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को मुख्य आरोपी के संबंध में जानकारी मिली। पूछताछ में आरोपी की पहचान राहुल करेलिया पिता शंकर करेलिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी करगीरोड वार्ड नंबर-02, डाग बंगला, कोटा, जिला बिलासपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो चोरी की घटना में शामिल होने की बात सामने आई। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 67 पैकेट सिगरेट, जिसकी कीमत करीब 9,500 रुपये है, 300 रुपये नकद और मिच्चर पैकेट बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल करेलिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं तीन अपचारी बालकों को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने तीनों बालकों की सामाजिक पृष्ठभूमि रिपोर्ट तैयार कर उन्हें बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से चोरी की वारदात का जल्द खुलासा किया गया। पुलिस टीम आगे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले भी किसी चोरी की घटना में शामिल रहे हैं या नहीं। तोरवा पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
Tags: