Ambikapur. अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पटपरिया क्षेत्र में रहने वाली 19 वर्षीय छात्रा अंतरा शाह का शव घर के बाथरूम में फांसी के फंदे पर मिला। छात्रा अपने जीजा के घर रहकर पीजी कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद छात्रा के परिजनों ने एक एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि छात्रा की सहेलियों से उन्हें कुछ जानकारी मिली है, जिसके आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की जा रही है।
बाथरूम में मिला छात्रा का शव
जानकारी के अनुसार मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। पटपरिया निवासी अंतरा शाह करीब छह महीने पहले अंबिकापुर आई थी। उसने पीजी कॉलेज में बीए फर्स्ट ईयर में दाखिला लिया था और अपने जीजा नीलेश कुमार गुप्ता के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि घटना की रात अंतरा अपने कमरे में सोने गई थी। देर रात वह बाथरूम जाने के लिए उठी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आई। इसके बाद परिवार के लोगों को चिंता हुई। छात्रा के जीजा ने अपनी पत्नी को बाथरूम जाकर देखने के लिए कहा। जब उन्होंने बाथरूम की खिड़की से अंदर देखा तो अंतरा का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्र नेता पर ब्लैकमेलिंग का आरोप
छात्रा के परिजनों का आरोप है कि अंतरा की कुछ सहेलियों ने उन्हें बताया कि एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेता ज्ञान तिवारी के पास छात्रा से जुड़े कुछ चैट और वीडियो थे। परिजनों का दावा है कि छात्र नेता कथित तौर पर इन्हीं चैट और वीडियो को दिखाने की धमकी देकर छात्रा को परेशान कर रहा था। हालांकि इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। छात्रा के जीजा नीलेश गुप्ता ने बताया कि अंतरा घटना से पहले सामान्य व्यवहार कर रही थी। वह हंसकर बात भी कर रही थी। उन्होंने कहा कि जरूर कोई ऐसी बात हुई होगी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाया। मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पुलिस जांच में सामने आएगी सच्चाई
फिलहाल गांधीनगर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस छात्रा के परिवार, दोस्तों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मोबाइल जांच, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: