6 साल से लापता बच्चा बेंगलुरु से सकुशल बरामद, रायपुर पुलिस की बड़ी सफलता
छग
Raipur. रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट को गुमशुदा बालक की तलाश में बड़ी सफलता मिली है। 6 वर्ष पूर्व लापता हुए एक बालक को पुलिस ने बेंगलुरु (कर्नाटक) से सकुशल बरामद कर लिया है और उसे सुरक्षित रूप से उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया है। इस कार्रवाई से परिवार में खुशी का माहौल है। जानकारी के अनुसार प्रार्थिया कुंती सोना ने थाना खम्हारडीह में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 6 वर्षीय पुत्र दीपक सोना अचानक घर से कहीं चला गया है और वापस नहीं लौटा। रिपोर्ट के आधार पर थाना खम्हारडीह में गुम इंसान क्रमांक 34/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
बाद में प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध पाए जाने पर अपराध क्रमांक 146/26 धारा 363 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। मामले को पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) ने गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा तथा थाना प्रभारी खम्हारडीह मानसी नानाभाउ साकोरे (भा.पु.से.) को बालक की शीघ्र तलाश के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने परिजनों से विस्तृत पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि बालक बेंगलुरु (कर्नाटक) में हो सकता है। इसके बाद एक विशेष पुलिस टीम को बेंगलुरु रवाना किया गया। टीम ने वहां पहुंचकर लगातार खोजबीन और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। कई प्रयासों के बाद पुलिस को सफलता मिली और गुम बालक दीपक सोना को सुरक्षित रूप से दस्तयाब कर लिया गया। इसके बाद सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गई।
दस्तयाब किए गए बालक को 17 मई 2026 को रायपुर लाकर उसकी माता कुंती सोना के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सकुशल देखकर परिवार में भावनात्मक माहौल बन गया और परिजनों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और तकनीकी साधनों के साथ-साथ फील्ड इंटेलिजेंस के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस सफलता को पुलिस की बड़ी उपलब्धियों में से एक माना जा रहा है।